बिलासपुर रेल हादसे में CM साय ने किया मुआवजे का ऐलान

मृतकों के परिजनों को 5 लाख, घायल परिवार को 50 हज़ार की राशि

Update: 2025-11-04 14:45 GMT
Raipur. रायपुर। बिलासपुर के पास हुई ट्रेन दुर्घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर कर रख दिया है। इस भीषण हादसे को लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुर्घटना को “अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक” बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री साय ने कहा, “मैं इस दुखद हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति दें।”
मुख्यमंत्री ने हादसे के पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता राशि की घोषणा करते हुए बताया कि राज्य सरकार दिवंगत यात्रियों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक मदद देगी। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की गई है और इसके लिए जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को समय पर सहायता दी जाए। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे अधिकारी पूरी तत्परता के साथ घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
सीएम साय ने कहा कि हादसे के तुरंत बाद से ही राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और वहां उनके उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों, डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा, “इस कठिन समय में राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि किसी भी यात्री या परिजन को सहायता के लिए भटकना न पड़े। सभी आवश्यक सहायता तुरंत और पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराई जाए।”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेलवे और जिला प्रशासन की टीमों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि राहत अभियान में लगे अधिकारी और कर्मचारी मानवीय संवेदना के साथ दिन-रात कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार और रेलवे प्रशासन के साथ मिलकर पीड़ितों की सहायता और स्थिति सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बिलासपुर हादसे की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) द्वारा कराई जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता चल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं। ट्रेनों के संचालन पर पड़े प्रभाव को कम करने के लिए रेलवे द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों और परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि उन्हें तुरंत जानकारी और सहायता मिल सके। हादसे से उपजे दुख के माहौल में मुख्यमंत्री ने एक बार फिर सभी प्रभावित परिवारों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी आवश्यक सहायता के लिए प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस संकट की घड़ी में पूरी मानवता और संवेदनशीलता के साथ हर पीड़ित के साथ खड़ी है।
Tags:    

Similar News