CISF जवान चोवा राम ध्रुव का निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

छग

Update: 2025-12-18 11:51 GMT
Dhamtari. धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान चोवा राम ध्रुव के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ संपन्न हुआ। तिरंगे में लिपटे जवान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग शांति घाट पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार, 47 वर्षीय चोवा राम ध्रुव मूल रूप से धमतरी जिले के गोकुलपुर वार्ड के निवासी थे। वे वर्तमान में जशपुर में CISF में पदस्थ थे। वे पूर्व पार्षद भैया लाल ध्रुव के पुत्र थे और अपने सरल स्वभाव व अनुशासित जीवन के लिए जाने जाते थे।

बताया गया कि चोवा राम ध्रुव हाल ही में रायपुर स्थित अपने घर आए हुए थे। 16 दिसंबर को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान 17 दिसंबर की रात उन्होंने अंतिम सांस ली। जवान के निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे वार्ड में शोक का माहौल छा गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बुधवार को शासकीय वाहन से उनका पार्थिव शरीर धमतरी लाया गया। देर शाम उनका पार्थिव शरीर गोकुलपुर वार्ड स्थित उनके निवास पहुंचा, जहां परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय नागरिकों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद पार्थिव शरीर को शांति घाट ले जाया गया।

शांति घाट में CISF की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान CISF के वरिष्ठ अधिकारी, कमांडर, जवानों के साथ-साथ समाजजन, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। शोकाकुल माहौल में “भारत माता की जय” और “अमर रहे” के नारों के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि चोवा राम ध्रुव अपने कर्तव्य के प्रति बेहद ईमानदार और अनुशासित थे। उनका असमय निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वार्ड में लगातार लोगों का आना-जाना लगा रहा और हर कोई नम आंखों से अपने प्रिय जवान को याद करता नजर आया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भी जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
Tags:    

Similar News