Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित अटल नगर में अपने निवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक में भाग लिया। यह बैठक आगामी विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले आयोजित की गई, जिसमें सत्र के दौरान उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण विषयों और रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने बैठक में सभी विधायकों को आगामी सत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया और कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर सदन में रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की जनता को सुशासन, पारदर्शिता और विकास का भरोसा दिलाने के लिए सत्र के दौरान भाजपा विधायक पूरी मजबूती से अपनी बात रखें।
जनहित के मुद्दों पर रहेगा फोकस
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मानसून सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था, कृषि, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, अधोसंरचना विकास और केंद्र की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन जैसे विषयों को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "हमारी सरकार प्रदेश की जनता के विश्वास पर खरी उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। विपक्ष के किसी भी भ्रामक प्रचार का तर्कपूर्ण जवाब दिया जाएगा और जनता के हित में नीतिगत फैसले लिए जाएंगे।"
संगठन और सरकार के तालमेल पर भी चर्चा
बैठक में पार्टी संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, विधायकों की भूमिका, क्षेत्रीय समस्याओं को सदन में कैसे उठाया जाए, इस पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी विधायकों से अपेक्षा की गई कि वे मानसून सत्र के दौरान अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं। बैठक में संसदीय कार्य मंत्री, मुख्य सचेतक सहित वरिष्ठ भाजपा नेताओं और विधायकों ने भाग लिया। सभी ने अपने सुझाव रखे और सत्र के लिए साझा रणनीति तय की गई। यह भी तय किया गया कि विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर दिया जाएगा।