मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं

Update: 2021-08-14 12:16 GMT

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने बधाई संदेश में कहा है कि लाखों देशभक्त स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संघर्ष, समर्पण, त्याग और बलिदान से हमें आजादी मिली है। आजादी का यह पर्व हमें उन सभी अनाम योद्धाओं, शहीदों और वीर जवानों की याद दिलाता है। जिनके बलबूते आज हम आजाद वातावरण में सांस ले रहे हैं। उन्हें याद कर मन उनके प्रति सम्मान और गर्व से भर जाता है।

मुख्यमंत्री बघेल ने देश में स्वतंत्रता की अलख जगाने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों सहित छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय चेतना का विस्तार करने वाले सभी पुरखों को नमन किया। उन्होंने कहा कि संघर्षों से मिली आजादी अनमोल है, हर नागरिक का कर्तव्य है कि इसे अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कार्य करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गांधीवादी सोच के साथ 'गढ़बो नवा छत्तीसगढ़' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे कमजोर तबकों को सशक्त बनाने, गांवों को मजबूत करने और हर व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार द्वारा गांव, गरीब, किसानों के साथ महिलाओं और बच्चों के लिए लागू की गई योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आनेे लगे हैं।

Tags:    

Similar News

-->