आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत, प्रशासन ने परिवार को दिया मदद का भरोसा
छग
Sarangarh-Bilaigarh. सारंगढ़-बिलाईगढ़। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत के बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में शोक का माहौल है। मृतक मजदूर के परिवार ने प्रशासन से शव को वापस छत्तीसगढ़ लाने की मांग की है। वहीं जिला प्रशासन ने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है और जम्मू-कश्मीर प्रशासन के संपर्क में रहकर आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है। मृतक मजदूर की बहन ने बताया कि उनके भाई रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे। उन्हें वहां गए करीब तीन से चार महीने हो चुके थे। घटना की जानकारी उन्हें रात में मिली। इसके बाद मीडिया, एसडीएम और कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारी परिवार से मिलने पहुंचे।
मृतक की बहन ने बताया कि परिवार की ओर से प्रशासन के सामने मांग रखी गई है कि उनके भाई का शव वापस गांव लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार अपने गृह क्षेत्र में किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रयास करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार में अब उनकी दादी और छोटा भतीजा है। मृतक उनके बड़े भाई थे और परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा थे। भाई की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ की कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बताया कि प्रशासन को कुलगाम में हुई आतंकी घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस अधीक्षक (SP) की ओर से गांव में रह रहे परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। कलेक्टर ने बताया कि मृतक के शव को वापस लाने और आगे की कार्रवाई को लेकर जम्मू-कश्मीर में संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मृतक की बहन की मांग को वहां के प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।
आर्थिक सहायता के मुद्दे पर कलेक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता को लेकर चर्चा चल रही है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर की स्थानीय सरकार भी मुआवजा देने पर विचार कर रही है। प्रशासन दोनों स्तरों पर समन्वय बनाकर परिवार को सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। कलेक्टर ने प्रवासी मजदूरों से भी अपील की है कि वे रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते समय अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहता है कि जिले में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को मजबूरी में दूर-दराज के क्षेत्रों में न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि यदि लोग रोजगार के लिए अन्य राज्यों में जाते हैं तो उन्हें सुरक्षित माहौल में और विश्वसनीय संस्थानों या संगठनों के साथ काम करने की सलाह दी जाती है। किसी भी स्थान पर जाने से पहले वहां की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेना जरूरी है। गौरतलब है कि कुलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस घटना में कई लोगों की जान गई है, जिनमें छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले का मजदूर भी शामिल है। घटना के बाद राज्य सरकार और जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के संपर्क में हैं। प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि मृतक के परिवार को आवश्यक सहायता मिले और शव को जल्द से जल्द गृह जिले तक लाया जा सके। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।