CG: 20 लाख की लूट का मास्टरमाइंड योगेश रात्रे सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-01-16 14:13 GMT
Janjgir-Champa. जांजगीर-चाम्पा। थाना चाम्पा क्षेत्र में 20 लाख रुपये से अधिक की लूट के मामले का जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने सायबर टीम और थाना चाम्पा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मास्टरमाइंड योगेश रात्रे और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। घटना दो माह पूर्व योजना बनाकर अंजाम दी गई थी, जिसमें आरोपियों ने प्रार्थी हरीश देवांगन के साथ अपहरण और लूट की कोशिश की थी। प्रकरण के अनुसार, हरीश देवांगन, जो मेसर्स अरविंद इंडस्ट्रीज चाम्पा में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं, 09 जनवरी 2026 को सक्ती क्षेत्र में कंपनी की राशि कलेक्शन के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। उन्होंने सक्ती के विष्णु पेट्रोल पंप और ठठारी से कुल 20,18,700 रुपये की नगदी एकत्र की थी। इसी दौरान ग्राम कोसमंदा मेन रोड तालाब के पास काले रंग की कार (नंबर CG 11 BN 13) में सवार व्यक्तियों ने हरीश के आंख में मिर्च पावडर फेंककर उसे मोटरसाइकिल छोड़ने पर मजबूर किया। इसके बाद तीनों व्यक्तियों ने हरीश के बैग को जबरन छीन लिया और उसे कार में बैठाकर धमकाया।

आरोपी हरीश को मैनपाट के सेल्फी प्वाइंट के पास ले जाकर गहरी खाई में धक्का देकर छोड़कर फरार हो गए। हरीश रातभर खाई में फंसा रहा और सुबह स्थानीय लोगों की मदद से सड़क पर आया। इसके बाद उसने घटना की सूचना अपने कार्यालय और पुलिस को दी। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, SDOP चाम्पा यदुमणि सिदार और CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन में सायबर टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। टीम ने संदिग्ध वाहन का नंबर सही आंकलन कर घटना में प्रयुक्त कार की पहचान की और इसके मालिक की जानकारी जुटाई। वाहन का मालिक अमीर मिरी था, जो पहले भी चोरी जैसे मामलों में संलिप्त पाया गया था। तत्पश्चात् पुलिस ने अमीर मिरी को हिरासत में लिया और पूछताछ में उसने अन्य आरोपियों योगेश रात्रे, जमुना सेवायक, महेश्वर दिवाकर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर योजना बनाने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हरीश देवांगन का फोटो और नकद राशि लेकर योजना बनाई थी।

09 जनवरी को उन्होंने हरीश का पीछा कर उसे मिर्च पावडर से परेशान किया और जबरन कार में बैठाकर पैसों के बैग सहित गहरी खाई में धक्का दिया। संदिग्ध वाहन और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13,75,000 रुपये, घटना में प्रयुक्त वेन्यू कार, चाकू, बेसबाल स्टिक और 5 मोबाइल जब्त किए। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों में योगेश रात्रे उर्फ छोटे (32) निवासी बिरगहनी, जमुना सेवायक (25) निवासी चरणनगर, महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाउ (19) निवासी चरणनगर, और अमीर मिरी उर्फ भोलू (25) निवासी बिरगहनी शामिल हैं। इस कार्यवाही में प्रभारी सायबर सेल निरीक्षक सागर पाठक, थाना प्रभारी चाम्पा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, ASI उमेंद्र मिश्रा और सायबर टीम के सदस्यों विवेक कुमार सिंह, विवेक सिंह, मनोज तिग्गा, राजकुमार चन्द्रा, आर. गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, रोहित कहरा, शाहबाज अहमद, माखन साहू, श्रीकांत सिंह, प्रतीक सिंह एवं आशुतोष कर्ष का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित मार्गों और संदिग्ध गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई और अपराधियों के मंसूबों को विफल किया गया। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध गतिविधि का पता चले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
Tags:    

Similar News