छत्तीसगढ़ चुनाव: नगरीय निकाय और पंचायत मतदान की तारीख घोषित

छत्तीसगढ़

Update: 2026-05-08 18:39 GMT
Chhattisgarh छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर चुनावी माहौल बनने जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जिसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार चुनावी प्रक्रिया 11 मई 2026 से शुरू होकर 4 जून 2026 तक चलेगी। इस दौरान कुल 1228 रिक्त पदों पर मतदान कराया जाएगा। इसमें नगरपालिकाओं के अध्यक्ष के 5 पद और वार्ड पार्षद के 77 पद शामिल हैं।

वहीं त्रिस्तरीय पंचायतों में जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद और पंच के 1136 पदों पर चुनाव होंगे। नामांकन प्रक्रिया 11 मई से 18 मई तक चलेगी, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 19 मई को की जाएगी। उम्मीदवार 21 मई तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। नगरीय निकायों और पंचायतों दोनों के लिए मतदान 1 जून 2026 को होगा। मतदान के बाद मतगणना और परिणामों की घोषणा 4 जून 2026 को की जाएगी।

राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है, जिससे सरकारी गतिविधियों और चुनावी प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इस घोषणा के बाद प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है और विभिन्न दलों में उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
Tags:    

Similar News