छाल पुलिस की सख्त कार्रवाई: अवैध महुआ शराब निर्माण की तैयारी को किया नष्ट
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और कबाड़ कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छाल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बरभौना के पास अवैध रूप से महुआ शराब निर्माण की तैयारी को समय रहते नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी खरसिया प्रभात कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र मजबूत कर निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरभौना के समीप कुछ लोग अवैध रूप से महुआ शराब बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी गई। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही शराब बनाने वाले आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन तलाशी के दौरान वहां से महुआ शराब निर्माण के लिए संग्रहित करीब 20 से 25 बोरी महुआ पास बरामद किया गया। बरामद सामग्री का उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जाना था। पुलिस ने मौके पर ही विधिवत कार्रवाई करते हुए संपूर्ण महुआ पास को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को एकत्र कर मुनादी कराई और स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण एवं बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने बताया कि अवैध शराब से न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि इससे सामाजिक अपराध, घरेलू हिंसा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि फरार आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के साथ आरक्षक भगवती प्रसाद लक्ष्मे, सतीश जगत, उमेन्द्र उरांव और भूपेश राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता और सजगता से एक बड़ी अवैध गतिविधि को अंजाम देने से पहले ही रोक दिया गया। छाल पुलिस की इस कार्रवाई से जहां अवैध शराब कारोबारियों में डर का माहौल बना है, वहीं आम नागरिकों में पुलिस और प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।