रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दसवीं , और बारहवीं बोर्ड के नतीजे घोषित कर दिए हैं। दसवीं में तीन परीक्षार्थी अंशुल शर्मा, संध्या नायक, और परी रानी अव्वल रहे। जबकि बारहवीं में जीज्ञासु वर्मा टाप पर रहे।
बताया गया कि दोनों ही परीक्षाओं में उत्तीर्ण प्रतिशत में बढ़ोतरी दर्ज की गई है तथा बालिकाओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन किया है। हाईस्कूल परीक्षा में कुल 77.15 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.03 रहा, जबकि बालकों का 72.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। परीक्षा में 3 लाख 16 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2 लाख 43 हजार से अधिक सफल रहे। प्रथम श्रेणी में 44.48 प्रतिशत, द्वितीय श्रेणी में 30.71 प्रतिशत तथा तृतीय श्रेणी में 1.96 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 0.62 प्रतिशत अधिक है।
वहीं हायर सेकेंडरी परीक्षा में कुल 83.04 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 86.04 तथा बालकों का 78.86 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में 2 लाख 44 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 2 लाख 2 हजार से अधिक सफल रहे। प्रथम श्रेणी में 52.2 प्रतिशत, द्वितीय श्रेणी में 29.68 प्रतिशत तथा तृतीय श्रेणी में 1.15 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। यह परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में 1.17 प्रतिशत अधिक है। दोनों परीक्षाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण हुए हैं, जिन्हें मण्डल की अवसर परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। कुछ परीक्षार्थियों के परिणाम नकल प्रकरण एवं जांच के कारण रोके गए हैं। परीक्षा परिणाम मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट एवं डिजीलॉकर सहित विभिन्न पोर्टलों पर उपलब्ध हैं। मण्डल ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए असफल विद्यार्थियों को निराश न होकर पुनः प्रयास करने की सलाह दी है।