Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में एक सर्विसिंग सेंटर में मामूली बात को लेकर हुई मारपीट का मामला सामने आया है। सरकारी वाहन की सर्विसिंग के लिए कुछ देर इंतजार करने को कहने पर आरक्षक के साथ आए उसके दोस्त ने आपा खो दिया और वहां काम कर रहे युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना सामने आते ही पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए डायल 112 में पदस्थ आरक्षक रवि श्रीवास को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं मारपीट के मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

सर्विसिंग सेंटर संचालक ने की शिकायत
मामले की शिकायत नमन देवांगन ने तखतपुर थाने में दर्ज कराई है। नमन देवांगन ने बताया कि तखतपुर नगर में जेएमपी कॉलेज के सामने उनका वाहन सर्विसिंग सेंटर संचालित है। 20 दिसंबर को तखतपुर थाने में पदस्थ डायल 112 के आरक्षक रवि श्रीवास अपनी सरकारी गाड़ी की सर्विसिंग कराने सेंटर पहुंचे थे।

इंतजार को लेकर हुआ विवाद
नमन देवांगन के अनुसार, उस समय सर्विसिंग सेंटर में पहले से एक अन्य वाहन की सर्विसिंग चल रही थी। इसी कारण उन्होंने आरक्षक से कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसी बात पर आरक्षक के साथ मौजूद उनके दोस्त राजेश यादव, निवासी पथरिया, अचानक गुस्से में आ गया।

बेल्ट से की पिटाई
आरोप है कि राजेश यादव ने आरक्षक के सामने ही सर्विसिंग कर रहे युवक को पहले थप्पड़ मारे, फिर बेल्ट निकालकर बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के दौरान सर्विसिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। जब नमन देवांगन ने बीच-बचाव कर मारपीट का विरोध किया, तो आरोपी ने उन्हें भी मारपीट की धमकी दी।

घायल को थाने ले जाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही नमन देवांगन ने अपने पिता एवं भाजपा के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि काशी देवांगन को सूचित किया। सूचना पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को लेकर तखतपुर थाना पहुंचे। वहां उन्होंने पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी।

CCTV फुटेज बना अहम सबूत
सर्विसिंग सेंटर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी पुलिस को सौंपी गई है, जिसमें पूरी मारपीट की घटना कैद होना बताया जा रहा है। थाना प्रभारी ने प्राथमिक जांच के बाद मामले की जानकारी बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी।

एसपी ने लिया सख्त संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरक्षक रवि श्रीवास को लाइन अटैच कर दिया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मारपीट सीधे तौर पर आरक्षक ने नहीं की, लेकिन घटना के दौरान उसकी मौजूदगी और मामले से जुड़ाव को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मारपीट का मुख्य आरोपी राजेश यादव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और पीड़ितों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह पुलिसकर्मी हो या आम नागरिक। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की दबंगई और हिंसा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Tags: