Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। तड़के सुबह टहलने निकली एक महिला के गले से बाइक सवार लड़का और लड़की की जोड़ी ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रायपुर के एक मोहल्ले में अपने परिवार के साथ निवास करती हैं और सब्जी बेचने का काम करती हैं। महिला ने बताया कि वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं और रोज की तरह शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे पैदल टहलने के लिए घर से निकलीं। टहलते हुए जब वह गली नंबर 05-बी में पहुंचीं, तो संजय श्रीवास्तव के घर के पास फूल तोड़ रही थीं।
इसी दौरान करीब सुबह 5:00 बजे, एक मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक और एक युवती वहां पहुंचे। युवक बाइक चला रहा था और युवती पीछे बैठी थी। बाइक रोककर युवक ने महिला से दो फूल मांगे। महिला ने कहा कि वह फूल तोड़कर दे रही है और जैसे ही पीछे मुड़ी, तभी युवक ने अचानक झपट्टा मारकर महिला के गले में पहनी सोने की चेन खींच ली। महिला के अनुसार, चेन की वजन लगभग 10 ग्राम और कीमत करीब 30 हजार रुपये है। घटना के बाद आरोपी युवक बाइक स्टार्ट कर तेजी से भाग गया, उसके पीछे बैठी युवती भी साथ में थी। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
पीड़िता ने तुरंत घर जाकर अपने बेटे खेमलाल साहू को पूरी बात बताई। बाद में महिला ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात युवक-युवती के खिलाफ चेन स्नैचिंग का अपराध दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वारदात वाले क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की जांच की जा रही है, जिससे बाइक और आरोपियों की पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बाइक ब्लैक कलर की थी, जिस पर कोई नंबर प्लेट स्पष्ट नहीं थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के समय क्षेत्र में सुरक्षा गश्त की कमी रहती है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं और आसपास के थानों को सतर्क कर दिया गया है। यह घटना एक बार फिर से यह दिखाती है कि रायपुर में सुबह-सुबह निकलने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस को अधिक सख्ती की जरूरत है।