CG: हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की मौत

छग

Update: 2026-04-14 15:59 GMT
Mungeli. मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर जिला पंचायत धरमपुरा के पास हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने सड़क निर्माण कार्य और लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार बताया है। जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल को जरहागांव से भटगांव की ओर जा रहे तीन युवक बाइक से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान जिला पंचायत धरमपुरा के पास एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में भटगांव निवासी राधेश्याम निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जरहागांव निवासी आर्यन निर्मलकर और बिलासपुर निवासी शुभम निर्मलकर के रूप में हुई है। जरहागांव थाना प्रभारी शोभा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों का आरोप है कि निर्माणाधीन टोल नाके के पास सड़क की हालत बेहद खराब है और बीच सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इसी वजह से वाहन असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक गड्ढों से बचने की कोशिश कर रहे थे, इसी दौरान सामने से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

परिजनों ने सड़क निर्माण में लगी कंपनी और ठेकेदार की लापरवाही को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें। स्थानीय लोगों का कहना है कि नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है और जहां काम चल रहा है, वहां भी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क पर बने गड्ढे और
अस्थायी निर्माण
स्थिति लगातार हादसों को न्योता दे रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एक तरफ टोल प्लाजा का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है ताकि शुल्क वसूला जा सके, लेकिन दूसरी तरफ सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags:    

Similar News