CG: स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, ट्रक से कुचलकर ठेका मजदूर की मौत

छग

Update: 2026-03-24 15:51 GMT
Bhilai. भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठेका मजदूर की जान चली गई। प्लांट परिसर के भीतर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद संयंत्र परिसर में हड़कंप मच गया है। मामला भट्टी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हादसा रेल मिल क्षेत्र के जीरो कार्बाइड मोड़ के पास 14 नंबर बिल्डिंग के सामने हुआ। मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी गोमती प्रसाद साहनी (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो एसआरयू के तहत ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, CG 04 OM 7139 नंबर का ट्रक रेल पटरी लोड करने के लिए रेल मिल शिपिंग एरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोड़ पर टर्न लेते समय साइकिल से जा रहे मजदूर को ट्रक के पिछले पहिए ने अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोमती प्रसाद रोज की तरह साइकिल से काम पर जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि गोमती प्रसाद साहनी अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी है, जिसकी पढ़ाई जारी है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए यह हादसा बेहद दुखद माना जा रहा है। हादसे के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन ने मृतक के परिवार को सहायता देने की घोषणा की है। प्रबंधन ने मृतक की बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने, उचित मुआवजा देने और उनकी पत्नी को नौकरी देने का आश्वासन दिया है। इससे परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इधर, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। भट्टी थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ या कोई अन्य कारण था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भारी वाहनों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News