CG: होली पर दुर्ग में सुरक्षा का कड़ा पहरा, 900 पुलिसकर्मियों की तैनाती

छग

Update: 2026-03-02 13:17 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग में होली पर्व के मद्देनज़र शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फ्लैग मार्च निकाला गया। पूर्व में अपराध और अड्डेबाजी से प्रभावित स्थलों की मैपिंग कर संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित किया गया और प्राथमिकता के आधार पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। फ्लैग मार्च में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त सहभागिता रही। कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, वहीं पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर/ग्रामीण), नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इस संयुक्त उपस्थिति का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था।

प्रथम टीम ने पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-06 भिलाई से फ्लैग मार्च की शुरुआत की। यह टीम रेल चौक, सेक्टर-09 तिराहा, 32 बंगला, वायशेप ब्रिज, मालवीय नगर चौक, पटेल चौक, सर्किट हाउस, अंडर ब्रिज, सूर्या मॉल चौक, अवंती बाई चौक, गदा चौक, सुपेला चौक, 18 नंबर रोड, कुरुद कोहका, कैंप-1 जामुल, खुर्सीपार और पुरानी भिलाई जैसे क्षेत्रों से होकर गुजरी। इन इलाकों में पैदल और वाहन मार्च कर लोगों से शांतिपूर्ण होली मनाने की अपील की गई। द्वितीय टीम ने भी पुलिस नियंत्रण कक्ष से ही मार्च प्रारंभ किया और पुलगांव चौक, भारती कॉलेज, महाराजा चौक, जेल तिराहा, महारानी दुर्गावती चौक, राजेंद्र पार्क चौक और ग्रीन चौक सहित थाना मोहन नगर और थाना दुर्ग क्षेत्र में गश्त की। भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लगभग 900 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आवश्यकतानुसार कार्यालयीन स्टाफ को भी फील्ड ड्यूटी में लगाया गया है। त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए “बाज़” नामक विशेष क्विक रिस्पांस टीम का गठन किया गया है।

जिसे रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप किया जा सके। इस बार सुरक्षा व्यवस्था में तकनीक का भी विशेष उपयोग किया जा रहा है। पूरे शहर में ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी रखी जा रही है, ताकि कोई भी अपराधी घटना को अंजाम देकर भाग न सके। ड्रोन सर्विलांस से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक होने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से असामाजिक तत्वों में भय का वातावरण बनेगा और वे किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहेंगे। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला पेट्रोलिंग टीम भी गठित की गई है। यह टीम प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त करेगी, ताकि महिलाएं और बच्चे सुरक्षित वातावरण में होली का आनंद ले सकें। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News