Mungeli. मुंगेली। जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 100 क्विंटल यानी 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की रकम, चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, लोहे का रॉड, चाकू, प्लास्टिक बोरियां और मोबाइल फोन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले के थाना पथरिया और सिटी कोतवाली क्षेत्र की शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। चोरों ने ग्राम बेलखुरी, कलारजेवरा और पालचुवा स्थित राशन दुकानों को निशाना बनाया था। इन घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर आरोपियों की पहचान और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस के मुताबिक, ग्राम बेलखुरी स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में 5 और 6 अगस्त की दरम्यानी रात चोरी हुई थी। चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब 76 कट्टी चावल ले गए थे। चोरी गए चावल का वजन करीब 38 क्विंटल और कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई गई। इस मामले में सेल्समैन उपेन्द्र सिंह राजपूत की रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध दर्ज किया गया था।
इसी दौरान ग्राम कलारजेवरा की शासकीय उचित मूल्य की दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई। यहां से चोरों ने करीब 25 कट्टी चावल चोरी किया था, जिसका वजन लगभग 12.5 क्विंटल और कीमत करीब 21 हजार 875 रुपये बताई गई। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पालचुवा में भी चोरों ने राशन दुकान को निशाना बनाया। यहां गोदाम में रखे करीब 60 से 70 बोरी चावल और 16 बोरी शक्कर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। लगातार सामने आई इन घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया और आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के इलाकों में उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी बीच मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक पिकअप वाहन से आसपास के गांवों में घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में खिलेश ने कथित तौर पर चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, खिलेश ड्राइविंग का काम करता था और ग्राम बावली निवासी महेन्द्र निषाद के पिकअप वाहन को किराये पर चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात ग्राम चिरौटी निवासी राजकुमार पात्रे और पिन्टू उर्फ विजय पात्रे से हुई। आरोप है कि दोनों ने आसपास की शासकीय उचित मूल्य दुकानों से चावल चोरी करने की योजना बनाई और वाहन उपलब्ध कराने के बदले किराये तथा चोरी के माल में हिस्सा देने का लालच दिया।
पुलिस के मुताबिक, 5 अगस्त की रात आरोपी अपने साथियों के साथ सरगांव में एकत्र हुए और पिकअप वाहन से कलारजेवरा पहुंचे। वहां सोसायटी दुकान का ताला तोड़कर चावल चोरी किया गया। इसके बाद बेलखुरी की सोसायटी दुकान में भी ताला तोड़कर चावल चोरी किया गया। 6 और 7 अगस्त की रात आरोपियों ने पालचुवा स्थित राशन दुकान को निशाना बनाया और वहां से चावल तथा शक्कर चोरी की। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए चावल को ग्राम घुठेली ले जाकर बोरियों की अदला-बदली की जाती थी। इसके बाद चावल को बिलासपुर में व्यापारियों के माध्यम से बेचने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में बिलासपुर निवासी व्यापारी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त रकम आरोपियों के बीच बांटी जाती थी।
पुलिस ने ग्राम बावली निवासी खिलेश कौशिक, राजू श्रीवास, महेन्द्र निषाद और बिलासपुर निवासी बंटी उर्फ रवि पाहूजा को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, 24 हजार रुपये नकद, पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 28 क्यू 3669, 83 प्लास्टिक बोरी, एक चाकू, प्लास्टिक सुतली, सूजा, सब्बलनुमा लोहे का रॉड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों से अन्य जिलों और थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात चौकी मारो क्षेत्र के ग्राम पुटपुरा की सोसायटी से करीब 45 कट्टी चावल चोरी करने की जानकारी सामने आई है। इसी तरह सिरगिट्टी क्षेत्र के ग्राम सिलपहरी की सोसायटी से भी करीब 45 कट्टी चावल चोरी कर बिलासपुर में बेचने की बात सामने आई है।
इसके अलावा आरोपियों ने लोरमी क्षेत्र में एक स्थान से डीएपी खाद चोरी करने और ग्राम कोकही के एक फार्म हाउस से कीटनाशक चोरी करने की जानकारी भी पुलिस को दी है। इन घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की पुलिस अलग से जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला और संबंधित पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और बेसिक पुलिसिंग के जरिए चोरी की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी, थाना पथरिया प्रभारी उपनिरीक्षक गिरजाशंकर यादव सहित साइबर सेल, सिटी कोतवाली और पथरिया थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।