Mungeli. मुंगेली। जिले में ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंगेली नगर के पेण्डाराकापा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर हॉस्टल में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी शिव यादव उर्फ शिव नारायण सिंह और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गए सामानों में 02 नग गंजा, ढक्कन, 02 नग पंखा और घटना में प्रयुक्त लोहे का राड जब्त किया है। वहीं, एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
घटना का विवरण
22 अगस्त 2025 को प्रार्थी मुकेश उपाध्याय निवासी कालीमाई वार्ड मुंगेली ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सरस्वती शिशु मंदिर हॉस्टल का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 25 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया है। चोरी गए सामानों में समई पीतल की थाली, कॉस का लोटा, बड़ी कढ़ाई, गंजा, गैस चूल्हा, जियोमेट्री बॉक्स, बोर केबल, ढोलक, तबला, मंजीरा, हारमोनियम और ब्लूटूथ साउंड बॉक्स शामिल थे। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने इसे ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और एसडीओपी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच और गिरफ्तारी
पुलिस ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिरों की मदद ली। इसी दौरान संदेह के आधार पर आरोपी शिव यादव (28 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी टाकेश्वर यादव उर्फ टनटन के साथ स्कूल पहुंचे थे। उन्होंने हॉस्टल के बगल के गेट का ताला लोहे की राड से तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। फिर स्टोर रूम का ताला तोड़कर आलमारी को खोला लेकिन वहां से पैसा नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बर्तन, वाद्ययंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा लिया।
पुलिस की कार्यवाही
पुलिस ने आरोपियों से 2 नग गंजा, 2 नग पंखा और घटना में प्रयुक्त लोहे का राड जब्त किया है। मुख्य आरोपी शिव यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि अपचारी बालक को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली उपनिरीक्षक गिरीजाशंकर यादव, प्रआर दिलीप साहू, आरक्षक मनोज टंडन और जलेश्वर कश्यप की सराहनीय भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने साफ किया है कि जिले में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम के लिए ‘‘ऑपरेशन बाज’’ के तहत लगातार अभियान चलाया जाएगा।