Raigarh. रायगढ़। जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से करीब 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित के परिचित और विश्वासपात्र युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने करीब छह वर्षों तक शिक्षक के बैंक संबंधी कामों में मदद करने के बहाने उनका विश्वास हासिल किया और फिर अलग-अलग समय पर खाते से लाखों रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अधिकांश रकम ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दी। पुलिस के अनुसार ग्राम कांटाहरदी निवासी 64 वर्षीय रघुनाथ सिदार शिक्षा विभाग में शिक्षक थे और वर्ष 2024 में सेवानिवृत्त हुए। वर्ष 2020 से गांव का ही छत्रपाल सिदार उनके संपर्क में था। जाति समाज से परिचित होने के कारण रघुनाथ सिदार उस पर भरोसा करते थे। आरोपी बैंक से जुड़े कामों में उनकी मदद करता था और चेकबुक से राशि निकालने के लिए भी उनके साथ बैंक जाता था।

धीरे-धीरे छत्रपाल पीड़ित के परिवार के नजदीक आ गया और उसका घर में भी आना-जाना शुरू हो गया। पुलिस के अनुसार वह रघुनाथ सिदार के मोबाइल फोन का भी उपयोग करता था। लंबे समय से विश्वासपात्र होने के कारण पीड़ित को उस पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ। सेवानिवृत्ति के बाद रघुनाथ सिदार के एसबीआई कोतरारोड़ स्थित बचत खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण और अन्य मदों की राशि जमा हुई थी। कुछ समय बाद उन्होंने मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने की योजना बनाई। इसी सिलसिले में जब वह बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो बड़ी रकम गायब देखकर हैरान रह गए। खाते की जांच करने पर सामने आया कि जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच कुल 47 लाख 5 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। यह रकम ग्रामीण बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा समेत अन्य खातों में भेजी गई थी। मामले का पता चलने के बाद रघुनाथ सिदार ने कोतरारोड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर 5 अक्टूबर 2026 को थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) में मामला दर्ज किया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह ने पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में लगाया। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने पीड़ित के खाते से रकम अपने विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसने रकम एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक के खातों में स्थानांतरित की थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने ट्रांसफर की गई रकम को ऑनलाइन गेमिंग में खर्च करने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी छत्रपाल सिदार पिता शोभनाथ सिदार, उम्र 34 वर्ष, निवासी कांटाहरदी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह, एएसआई मन मोहन बैरागी, आरक्षक शुभम तिवारी और अन्य स्टाफ की भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि बैंक खाता, एटीएम, चेकबुक, मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही बैंक खाते में होने वाले लेन-देन की नियमित जांच करें और किसी भी अनियमितता की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Tags: