CG: अवैध शराब के अड्डों पर पुलिस का बड़ा अभियान, 7 आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-03-01 17:43 GMT
Jashpur. जशपुर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत शनिवार तड़के सुबह 4 बजे जिले के 12 वार्डों में एक साथ छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 60 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। सिटी कोतवाली क्षेत्र के डीपाटोली, बरटोली, कदमटोली, मस्जिद पारा और रक्षित कॉलोनी सहित विभिन्न इलाकों में पुलिस ने अवैध शराब बनाने और भंडारण के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान 50 लीटर से अधिक कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त बर्तन और उपकरण भी पुलिस ने कब्जे में लिया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी
इस कार्रवाई में 2 महिला और 5 पुरुष, कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1) व 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार एक महिला आदतन अपराधी है, जिस पर पूर्व में भी अवैध शराब के मामले दर्ज हैं। छापेमारी के दौरान करीब 5000 किलो महुआ पास भी बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने महुआ पास को विधिवत नष्ट कर दिया। वहीं, थाना आस्ता क्षेत्र में एक आरोपी के घर से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब, अंग्रेजी व्हिस्की और 4 लीटर बीयर जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यातायात और सुरक्षा व्यवस्था
होली के मद्देनजर जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती बरती जा रही है। पिछले दो दिनों में 500 प्रकरण दर्ज किए गए और करीब 50 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली के दौरान नशापान से दूर रहें और त्यौहार शांति एवं सुरक्षा के साथ मनाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि शराब पीने, अवैध शराब का परिवहन, भंडारण या विक्रय करते पाए जाने पर पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान शराब पीकर वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों व हुड़दंगियों के विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
Tags:    

Similar News