CG: म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार

छग

Update: 2026-05-25 13:22 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर और आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देने वाले एक संगठित म्यूल अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड मनोज कुमार भुतड़ा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अवैध रूप से बैंक खाते तैयार कर उन्हें साइबर अपराधियों को बेचने का काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और अब तक अपने नाम तथा “रूद्र किराना” और सहयोगियों के नाम पर लगभग 200 से अधिक म्यूल अकाउंट खुलवाकर विभिन्न साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा चुका था। इन खातों के माध्यम से करोड़ों रुपये के लेन-देन होने का भी खुलासा हुआ है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विभिन्न बैंकों जैसे इंडसइंड बैंक, आईडीएफसी बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक सहित कई अन्य बैंकों में खाते खुलवाकर उनका दुरुपयोग करता था।
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि यह गिरोह बालोद, गुण्डरदेही, दुर्ग, जगदलपुर और अन्य क्षेत्रों में सक्रिय था। आरोपी साधारण बैंक खातों को 15 से 20 हजार रुपये में और करंट अकाउंट को 40 से 50 हजार रुपये में आर्थिक अपराधियों को बेचता था। खास बात यह थी कि खाता खोलने के लिए न्यूनतम बैलेंस भी आरोपी स्वयं उपलब्ध कराता था और बाद में वह राशि निकाल लेता था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का तरीका बेहद शातिर था। वह बड़े ट्रांजेक्शन वाले खातों को बैंक में होल्ड करवा देता था और बाद में बैंक से संपर्क कर होल्ड हटवाकर रकम निकाल लेता था। इस प्रकार वह बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों को लगातार सहयोग कर रहा था।
दिनांक 24 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि जगदलपुर निवासी मनोज कुमार भुतड़ा अपने साथियों के साथ भिलाई क्षेत्र में म्यूल अकाउंट से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने आया है। सूचना के आधार पर सुपेला पुलिस और एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सुपेला ओवरब्रिज के पास स्थित पांच रास्ता हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 पासबुक, 7 एटीएम कार्ड, 3 फिनो पेमेंट किट, 3 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किए। पूछताछ में मास्टरमाइंड ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था और विभिन्न राज्यों में भी ऐसे खाते उपलब्ध करा चुका है।
पुलिस के अनुसार मनोज कुमार भुतड़ा बालोद जिले के गुण्डरदेही क्षेत्र के ग्राम तर्राभाठा में रह रहा था और उसके साथी जगदलपुर एवं अन्य जिलों में सक्रिय थे। यह गिरोह संगठित रूप से काम करता था और साइबर अपराधियों को बैंकिंग माध्यम उपलब्ध कराकर आर्थिक धोखाधड़ी में मदद करता था।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है और पूछताछ के आधार पर अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। मामले में सुपेला थाना में अपराध क्रमांक 718/2026 के तहत धारा 317(2), 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध और आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में इस तरह के म्यूल अकाउंट एक बड़ी चुनौती बन चुके हैं। ऐसे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Tags:    

Similar News