Gaurela-Pendra-Marwahi. गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रारोड रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां मालगाड़ी से कटकर लगभग 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है, क्योंकि उसके पास से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब स्टेशन पर एक मालगाड़ी ट्रैक पर खड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक व्यक्ति ने शॉर्टकट लेने के उद्देश्य से मालगाड़ी के नीचे से पटरी पार करने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक ट्रेन को आगे बढ़ने का सिग्नल मिल गया और मालगाड़ी चल पड़ी। ट्रेन के अचानक शुरू होते ही व्यक्ति को संभलने का मौका नहीं मिला और वह सीधे पहियों की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे राजकीय पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची।
शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की अनुमानित उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है और वह नीले रंग के कपड़े पहने हुए था। हालांकि उसकी पहचान को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की है लेकिन सफलता नहीं मिली। जीआरपी ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि स्टेशन परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। रेलवे पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति नीले कपड़ों में किसी लापता अधेड़ के बारे में जानकारी रखता हो, तो तुरंत पेंड्रारोड जीआरपी थाने से संपर्क करें, ताकि मृतक की शिनाख्त हो सके। स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर दुख जताया है और रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही से ट्रैक पार करने के खतरों को उजागर कर दिया है।