Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले में शादी के नाम पर ठगी करने वाले “मैरिज ब्यूरो” गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बसंतपुर थाना पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब तक कुल पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने नए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह “लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से फर्जी कार्यालय संचालित कर रहा था। आरोपी इंटरनेट से लड़कियों की आकर्षक तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल तैयार करते थे और इन्हें शादी के इच्छुक युवकों को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजते थे।
इसके बाद आरोपी युवकों को झांसे में लेकर उनसे रजिस्ट्रेशन फीस, विभिन्न पैकेज और तथाकथित ‘फैमिली मीटिंग’ के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे। इस तरह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को धोखा देकर लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों का एक साल का स्टेटमेंट खंगाला, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ। दस्तावेजों के अनुसार गिरोह ने अलग-अलग लोगों से कुल 37 लाख 69 हजार रुपये का लेन-देन किया है। पुलिस अब उन पीड़ितों की पहचान कर रही है, जिन्होंने अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने जिन तीन नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें ताम्रध्वज मानिकपुरी (23 वर्ष), निवासी पाण्डातराई जिला कबीरधाम, सियाराम साहू (23 वर्ष), निवासी ग्राम जंगलपुर जिला कबीरधाम और श्रृष्टि गोस्वामी (21 वर्ष), निवासी ममता नगर राजनांदगांव शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को मिली थी। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। जांच में ठगी की पुष्टि होने के बाद थाना बसंतपुर में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि इस गिरोह की मुख्य संचालक नेहा पाठक और डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनके पकड़े जाने के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी थी, जिसमें अब तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का नेटवर्क व्यापक हो सकता है और आगे भी कई और खुलासे होने की संभावना है। जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। राजनांदगांव पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो, सोशल मीडिया या व्हाट्सएप पर मिलने वाले विवाह प्रस्तावों पर बिना जांच-पड़ताल के भरोसा न करें। किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन करना जरूरी है।