Balod. बालोद। जिले के ग्राम सांकरा (क) में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। मायके में रह रही एक महिला के घर उस समय अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया जब वह खेत में काम करने गई हुई थी। चोरों ने घर का ताला तोड़कर आलमारी और पेटियों के लॉकर तोड़े और सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 56,800 रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला अपने पिता के निधन के बाद मायके में रह रही है। पति भैसबोड में रहते हैं और समय-समय पर मायके आते रहते हैं। 21 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे महिला अपनी बहन और बेटी के साथ खेत में काम करने गई थी। उस दौरान उसकी बेटी सुबह 9 बजे ही स्कूल चली गई थी और घर में ताला लगाकर परिवार खेत चला गया था।


शाम करीब 4:30 बजे जब महिला घर लौटी तो मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर उसने देखा कि पूरा सामान बिखरा हुआ है। सोने के कमरे की गोदरेज आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर पता चला कि आलमारी से 2 नग चांदी का पायल, 1 नग सोने का माठी माला, सोने का मंगलसूत्र जिसमें गेहूं दाना 8 नग लॉकेट लगे थे, 2 नग कान के सोने के टॉप्स, 1 नग चांदी का सिक्का, नगद 5,500 रुपये (500-500 के नोट में) और अन्य गहने गायब थे। इसके अलावा दूसरे कमरे में रखी एक और
आलमारी
और दो पेटियों का ताला भी टूटा मिला। उनमें से चांदी का कमरबंध और 2 नग चांदी की बिछिया भी चोरी हो गई। सभी चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 56,800 रुपये आंकी गई है। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। गांव में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव असुरक्षित महसूस कर रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे और चोरी गए सामान की बरामदगी की जाएगी।
Tags: