Gaurela-Pendra-Marwahi. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में अवैध खनन और बिना अनुमति रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल द्वारा मरवाही और सिवनी क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान की गई। सभी वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार खनिज विभाग की टीम ने सिवनी और मरवाही क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अवैध मुरुम उत्खनन करते हुए दो जेसीबी मशीन और तीन ट्रैक्टरों को मौके पर पकड़ा। जांच के दौरान इन वाहनों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
जिसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखवा दिया गया। इसके अलावा मरवाही, कोलबीरा और कोटमी क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए चार ट्रैक्टरों को भी जब्त किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन वाहनों के पास रेत परिवहन के लिए वैध अनुमति और दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी जब्त वाहनों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित वाहन मालिकों को निर्धारित अर्थदंड जमा करने के बाद ही वाहनों को छोड़ा जाएगा।
इस पूरे अभियान के दौरान सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे, नगर सैनिक सतीश साहू और साहिब गनी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों ने लगातार निगरानी और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने खनिज विभाग को जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच और उड़नदस्ता कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।