Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के 3200 करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में फरार चल रहे विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बड़ी पहल की है। आईजी अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में जांच एजेंसी की विशेष टीम दुबई पहुंच गई है। टीम में डीएसपी राहुल शर्मा और रोशन आहूजा समेत तीन डीएसपी शामिल हैं। दुबई में प्रत्यर्पण से संबंधित कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। जांच एजेंसी की कोशिश है कि 28 नवंबर तक सुब्बू को भारत लाकर रायपुर में पूछताछ शुरू की जाए।
छत्तीसगढ़ की किसी राज्य स्तरीय जांच एजेंसी द्वारा विदेश में मौजूद आरोपी को भारत लाने के लिए स्वयं विदेश पहुंचने की इस तरह की पहली कार्रवाई बताई जा रही है। ईओडब्ल्यू ने प्रत्यर्पण से संबंधित आवश्यक कानूनी दस्तावेज पहले ही तैयार कर लिए थे। इन दस्तावेजों का अरबी और अंग्रेजी भाषा में अनुवाद कराने के बाद दुबई भेजा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक दुबई पुलिस ने इसी महीने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर विकास अग्रवाल को हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ ईओडब्ल्यू की विशेष अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया है।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट के आर्थिक लेन-देन के साथ सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब की बिक्री का नेटवर्क भी संभालता था। कथित शराब घोटाले में कारोबार को पार्ट-ए, पार्ट-बी और पार्ट-सी में बांटा गया था। इनमें पार्ट-बी के तहत सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब की बिक्री की जिम्मेदारी सुब्बू के पास होने का आरोप है। जांच के अनुसार डुप्लीकेट होलोग्राम लगी शराब की पेटियां फैक्ट्रियों से सरकारी शराब दुकानों तक पहुंचाई जाती थीं। कथित अवैध शराब की बिक्री से प्राप्त रकम का अलग हिसाब रखा जाता था। एजेंसियों को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े लोगों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। विकास अग्रवाल पहले सराफा कारोबार से जुड़ा था। बाद में वह होटल कारोबारी अनवर ढेबर के संपर्क में आया।
उसने कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया से जुड़ी मैनपावर सप्लाई कंपनी सुमित फैसिलिटीज का काम भी संभाला था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब सिंडिकेट में उसकी भूमिका बढ़ती गई थी। डिस्टिलरी संचालकों और एफएल-10ए लाइसेंसधारकों से कथित कमीशन वसूली का हिसाब रखने में भी उसकी भूमिका बताई गई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक शराब सिंडिकेट से प्राप्त कथित अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा हवाला के माध्यम से विदेश भेजा गया था। विकास अग्रवाल पर करीब 1200 करोड़ रुपये दुबई पहुंचाने का आरोप है। बताया जाता है कि वह जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश चला गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी संयुक्त अरब अमीरात बुला लिया था। जांच में रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसायटी में दो फ्लैट खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
एजेंसियों का आरोप है कि इन फ्लैटों का इस्तेमाल कथित अवैध कमाई की नकदी रखने के लिए किया जाता था। वहीं, तीन मई को बिलासपुर में विकास के भाई विवेक अग्रवाल के घर ईडी की तलाशी के दौरान सोना, चांदी और नकदी मिलने की जानकारी सामने आई थी। शराब घोटाले की जांच में तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा, पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया, पूर्व आईएएस अनिल टूटेजा, निरंजन दास, एपी त्रिपाठी, अनवर ढेबर, चैतन्य बघेल और रामगोपाल अग्रवाल समेत कई लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। फिलहाल जांच एजेंसियों का ध्यान विकास अग्रवाल के प्रत्यर्पण पर केंद्रित है। भारत लाए जाने के बाद उससे कथित अवैध शराब की बिक्री, कमीशन वसूली, हवाला नेटवर्क और विदेश भेजी गई रकम के अंतिम लाभार्थियों के संबंध में पूछताछ किए जाने की उम्मीद है।
Tags: