Durg. दुर्ग। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में धमधा क्षेत्र में आबकारी विभाग को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कलेक्टर अभिजीत के निर्देशानुसार तथा सहायक आयुक्त आबकारी सी.आर. साहू के मार्गदर्शन में दुर्ग जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी वृत्त धमधा की टीम ने अवैध शराब की बिक्री करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 24 जनवरी 2026 को आबकारी वृत्त धमधा की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को पथरिया क्षेत्र में अवैध रूप से देशी मदिरा मसाला की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर दबिश देने की योजना बनाई और संदिग्ध स्थान पर विधिवत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान टीम ने गोविन्द साहू (उम्र 64 वर्ष), निवासी पथरिया को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। जब आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 40 नग पाव देसी मदिरा मसाला, प्रत्येक 180 एमएल की बोतलें बरामद की गईं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 7.2 बल्क लीटर आंकी गई है, जिसका बाजार मूल्य लगभग 4,000 रुपये बताया जा रहा है।
आरोपी के पास शराब रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। आबकारी विभाग द्वारा आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) ख एवं 34(2) के तहत गैर-जमानती प्रकरण दर्ज कर उसे विवेचना में लिया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त था और इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में विवेचना अधिकारी भोजराम रत्नाकर (आबकारी उपनिरीक्षक) की अहम भूमिका रही। उनके साथ मुख्य आरक्षक प्रलाद सिंह राजपूत तथा वाहन चालक दुर्गा प्रसाद साहू ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। टीम की तत्परता और सटीक सूचना तंत्र के चलते आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता मिली। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। विभाग का कहना है कि अवैध मदिरा न केवल कानून व्यवस्था के लिए खतरा है, बल्कि समाज और युवाओं के भविष्य के लिए भी गंभीर समस्या है। ऐसे में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें अपने क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलती है तो वे तुरंत प्रशासन या आबकारी विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।