Bilaspur. बिलासपुर। जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चलाकर सख्ती बरत रही है। इसी कड़ी में कोनी पुलिस ने ग्राम जलसों बाजारपारा में दहशत फैलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा था, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था। जानकारी के मुताबिक, 24 सितंबर को आरोपी राहुल वर्मा पिता संतोष वर्मा (23 वर्ष, निवासी ग्राम जलसों) हाथ में चाकू लेकर बाजारपारा इलाके में घूम रहा था। वह राहगीरों और दुकानदारों को गाली-गलौज करते हुए धमका रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोनी पुलिस हरकत में आई और तत्काल टीम गठित कर गांव में घेराबंदी की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी को मौके से ही दबोच लिया। उसके कब्जे से एक धारदार चाकू भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया और न्यायालय के समक्ष पेश किया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि राहुल वर्मा का आपराधिक इतिहास लंबा है। उस पर पहले से ही छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट और धमकी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इसी कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर आरोपी को गुंडा-बदमाश की सूची में शामिल करने की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।
Tags: