Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक ने पत्नी और पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जोबी चौकी क्षेत्र के ग्राम अगासमार का रहने वाला श्याम कुमार धनवार (30) पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसलिए दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। रविवार की सुबह करीब 4 बजे पत्नी घर में सोई थी। तभी श्याम कुमार ने कुल्हाड़ी से उसके गले के पास हमला कर दिया। घायल पत्नी ने जब चीख-पुकार मचाई, तो बगल के कमरे में सो रहा श्याम कुमार का पिता जगतरात धनवार वहां पहुंच गया और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन श्याम ने पिता पर भी हमला कर दिया।
खून से लथपथ पत्नी पड़ोसी बाबूलाल के घर का दरवाजा खटखटा कर मदद की गुहार लगाने लगी। इस दौरान आरोपी पति जंगल की ओर भाग गया। पड़ोसी बाबूलाल ने डायल 108 को फोन कर मामले की जानकारी दी। 108 संजीवनी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को खरसिया अस्पताल ले जाया गया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें रायगढ़ मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि श्याम कुमार शराब पीने का आदी था और हर दिन शराब के नशे में रहता था। घटना के वक्त भी वह नशे में था। सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी की पतासाजी में जुटी थी। पुलिस ने आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।