Bilaspur. बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा बाजार चौक में रविवार रात हुए जानलेवा हमले में घायल फल व्यवसायी मनीष गोस्वामी उर्फ केवल की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार सुबह सिम्स अस्पताल में उसकी मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9:30 बजे मनीष गोस्वामी अपनी फल दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान तिफरा निवासी दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट वहां पहुंचा और पीछे से उसे पकड़ लिया। आरोप है कि उसने धारदार चाकू से मनीष के गले और शरीर पर कई वार किए।

जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान शोर सुनकर मनीष की पत्नी पूजा वहां पहुंची और उसने हमलावर का नकाब हटाया, जिससे आरोपी की पहचान दुर्गेश साहू के रूप में हुई। गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे रायपुर से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ संबंध था।

जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। वहीं मृतक की पत्नी पूजा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से परिवार को धमका रहा था और कई बार उसके बच्चे को नुकसान पहुंचाने तथा उसे उठाने की धमकी भी दे चुका था। पूजा के अनुसार इस संबंध में सिरगिट्टी थाने में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि घटना में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं और हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या अचानक विवाद के बाद यह वारदात हुई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारी मामले की हर पहलू से जांच कर रहे हैं ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
Tags: