CG: खेत में करंट लगने से किसान की मौत

छग

Update: 2026-06-27 15:01 GMT
Durg. दुर्ग। जिले के अंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगरी गांव में एक दर्दनाक हादसे में खेत में काम कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब किसान खेत में रखी लोहे की कंटीली फेंसिंग में फैले करंट की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय वीरेंद्र देशमुख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र देशमुख शनिवार को अपने खेत में घास की सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ खेत में लगी कंटीली तार फेंसिंग से टकरा गया, जिसमें बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था।
तेज करंट
लगते ही वह मौके पर गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन लंबे समय से झूल रही थी, जिससे खेती का काम भी प्रभावित हो रहा था। कई बार इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गई थी और लिखित आवेदन भी दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली का खंभा झुकने के कारण तार खेत के काफी करीब आ गया था। स्थिति को देखते हुए किसान वीरेंद्र देशमुख ने दो दिन पहले खुद ही झूल रहे तार को सीमेंट के पोल पर बांध दिया था ताकि खेती के कार्य में बाधा न आए। लेकिन इसी प्रयास के कारण खेत में लगी लोहे की फेंसिंग में करंट फैल गया, जो बाद में हादसे का कारण बना।

स्थानीय किसान लक्ष्मण यादव ने बताया कि अगर समय पर बिजली विभाग ने इस समस्या पर ध्यान दिया होता और झूलते तार को हटा दिया होता, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की अनदेखी और लापरवाही के कारण एक किसान की जान चली गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान एकत्र होकर मृतक के शव के साथ बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और खेतों में झूल रहे सभी खतरनाक बिजली तारों को तुरंत हटाने की मांग की गई।
Tags:    

Similar News