CG BREAKING: निर्माणाधीन बिल्डिंग में मिली युवक की लाश, मची अफरा-तफरी
छग
Bhilai. भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र के दक्षिण गंगोत्री इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक निर्माणाधीन बहुमंजिला भवन के ग्राउंड फ्लोर पर एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान संजय मनहारे के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वह सुपेला के भीम नगर क्षेत्र का निवासी था। जानकारी के अनुसार, संजय मनहारे उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि वह नशे का आदी था। मंगलवार दोपहर उसके शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस को आशंका है कि युवक की मौत नशे की हालत में गिरने या किसी अन्य कारण से हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के दौरान एक और अप्रत्याशित मामला सामने आया।
जब मृतक के भाई संतोष मनहारे ने मौके पर मौजूद उसके कुछ सामान और दस्तावेजों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना ने भी मौके पर मौजूद लोगों को चौंका दिया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी की कमी भी एक बड़ा कारण हो सकती है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। पुलिस ने आसपास के मजदूरों और ठेकेदारों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।