CG BREAKING: दोस्त ने कैंपर से कुचलकर की युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-05 15:21 GMT
Korba. कोरबा। जिले में जन्मदिन की खुशी उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गई जब एक रिसॉर्ट में आयोजित पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोस्तों के बीच हुए झगड़े के बाद एक युवक ने अपने ही साथी को कैंपर वाहन से कुचल दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल स्थित मीरा रिसॉर्ट की है, जहां दीपका निवासी विकास सिंह हुड्डा के जन्मदिन पर शुक्रवार रात पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में लगभग 10 से 12 दोस्त शामिल हुए थे। देर रात तक जश्न और शराबखोरी का दौर चलता रहा।

जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान दीपका निवासी तुषार धंधा नशे की हालत में कांच के गिलास तोड़ने लगा। इस पर उसके दोस्त उज्ज्वल कुमार सिंह (36) और अन्य लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि बीच-बचाव के बाद मामला शांत हो गया, लेकिन तुषार नाराज होकर वहां से चला गया। रात करीब साढ़े 11 बजे जब सभी लोग पार्टी खत्म कर बाहर निकले, तभी तुषार अपने साथी के साथ कैंपर वाहन (CG 12 BN 8084) में मौजूद था। आरोप है कि उसने अचानक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उज्ज्वल कुमार सिंह को टक्कर मार दी और उसे कुचल दिया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवक को तुरंत टीपी नगर स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार पीछा करते हुए उसे नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसे कोरबा लाया जा रहा है, जहां आगे की पूछताछ की जाएगी।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पार्टी के दौरान शराब परोसी जा रही थी, जबकि रिसॉर्ट के पास शराब परोसने का वैध लाइसेंस होने की बात पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। पिछले एक सप्ताह में जिले में यह तीसरी हत्या की घटना है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं में नशे की भूमिका सामने आने के बाद इसे प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News