CG Breaking: बिलासपुर में युवक पर चाकूबाजी, हालत नाजुक

छग

Update: 2024-06-17 17:36 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। बिलासपुर जिले में रविवार की रात छट्‌ठी कार्यक्रम में शामिल होने आए एक युवक पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। जिससे वो खून से लथपथ हो गया। वहीं, दूसरी ओर पड़ोसियों के विवाद में समझाइश देने पर आए युवक पर रॉड से वार कर दिया गया। दोनों युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रतनपुर और सरकंडा थाना क्षेत्र की है। भेड़ीमुड़ा निवासी सावन कश्यप ने बताया कि, वो रविवार को करैहापारा में रहने वाले रिश्तेदार के घर छठी कार्यक्रम में शामिल होने आया था। देर शाम वह मोहल्ले के किराना दुकान की तरफ गया था। तभी वहां पर अनजान युवक आया और उसके साथ बिना वजह गाली गलौज करने लगा। मना करने पर विवाद करने लगा।
इस दौरान बदमाश युवक ने अचानक चाकू निकाल लिया। जिसे देखकर सावन भागने लगा। तब बदमाश ने दौडा़कर उसके पीठ में चाकू घोंप दिया। जिससे वो खून से लथपथ होकर घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी फरार हो गया। वहीं, घायल सावन को इलाज के लिए पहले रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे सिम्स रेफर कर दिया गया। रतनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में युवक का प्राथमिक इलाज किया गया। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में सिम्स भेज दिया गया। लेकिन इस दौरान अस्पताल में युवक को एंबुलेंस नहीं मिला। जिस कारण पुलिसकर्मियों ने 112 की गाड़ी से उसे सिम्स ले जाकर भर्ती कराया।
इधर, सरकंडा के वसंत विहार कॉलोनी में आपस में झगड़ा कर रहे युवक-युवतियों को समझाने गए पड़ोसी पर युवक ने लोहे के रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वसंत विहार कॉलोनी निवासी प्रभा खरे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उसने पुलिस को बताया कि, शुक्रवार की रात एक बजे उनके मोबाइल पर पड़ोसी युवती बार-बार कॉल कर रही थी। फोन रिसीव नहीं करने पर उसने उसकी भाभी के मोबाइल पर कॉल किया। तब भाभी ने जगाकर इसकी जानकारी दी। प्रभा ने इसकी जानकारी अपने भाई रूपेश को दी।
रूपेश बाहर निकला, तब अमनदीप और युवती आपस में विवाद कर रहे थे। जिन्हें रूपेश समझाइश देने पहुंचा। इस दौरान अमनदीप ने जान से मारने की धमकी देते हुए रूपेश पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। भाई पर हमला होते देख प्रभा बीच-बचाव करने पहुंची। इस हमले में घायल रुपेश को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने हमलावर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बिलासपुर में इन दिनों अपराधियों का हौसला बढ़ गया है। छोटे-मोटे विवाद में भी नशेड़ी और बदमाश युवक चाकू निकाल रहे हैं। शहर में लगातार चाकूबाजी और गुंडागर्दी की वारदातें हो रही है। जिससे पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल उठने लगा है। पुलिस का दावा है कि चाकूबाजी और धारदार हथियार से हमला करने पर अब सीधे हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया जा रहा है। इसके बाद भी इस तरह की घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रहा है।
Tags:    

Similar News

-->