CG BREAKING: ऑपरेशन बाज के तहत नशे के सौदागरों का पुलिस ने निकाला जुलूस, 8 तस्कर गिरफ्तार
देखें VIDEO..
Mungeli. मुंगेली। जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसने पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत सोमवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गांजा, ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी एवं सेवन में लिप्त आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों का शहर में जुलूस भी निकाला, जिसमें तस्करों से खुद नारे लगवाए गए – “हम हैं नशे के सौदागर, हमसे बचिए और अपने बच्चों को भी बचाइए।”
ब्राउन शुगर और गांजा तस्करों पर शिकंजा
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और युवाओं को लत में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी मयंक तिवारी, डीएसपी एस.आर. घृतलहरे और डीएसपी नवनीत पाटिल के पर्यवेक्षण में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। दिनांक 18 अगस्त को थाना सिटी कोतवाली, थाना जरहागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कई इलाकों में दबिश देकर आठ आरोपियों को पकड़ा। इनमें मुंगेली शहर और जरहागांव क्षेत्र के कुख्यात तस्कर शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी
जाकिर खान, निवासी दाउपारा चौक मुंगेली
सोनू डांडे उर्फ छोटे सोनू, निवासी वार्ड 17 केशवपुर मुंगेली
अनिल कुमार खरसायन उर्फ बड़े सोनू, निवासी वार्ड 17 केशवपुर मुंगेली
विष्णु वैष्णव उर्फ शिव बाबा, निवासी खर्रीपारा मुंगेली
किशोर ध्रुव, निवासी झझपुरी खुर्द जरहागांव
अमित साहू, निवासी झझपुरी खुर्द जरहागांव
(अन्य दो आरोपियों के नाम पुलिस ने गोपनीय रखा है।)
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये सभी आरोपी लंबे समय से गांजा, ब्राउन शुगर, नाइट्रा, शराब और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री कर युवाओं को नशे की लत में धकेल रहे थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाहर के राज्यों से ब्राउन शुगर मंगाकर जिले में बेचते थे।
जुलूस निकालकर दिया कड़ा संदेश
गिरफ्तार आरोपियों का शहरभर में पैदल जुलूस निकाला गया। इस दौरान आरोपियों से ही नशे के खिलाफ नारे लगवाए गए। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सिर्फ आरोपियों को जेल भेजना नहीं है, बल्कि समाज और युवाओं को यह संदेश देना है कि नशा कारोबारियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
पुलिस की अपील – “नशे की जानकारी तुरंत साझा करें”
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिलेवासियों से अपील की कि नशे की तस्करी और सेवन करने वालों की जानकारी गोपनीय रूप से दें। इसके लिए राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर 1933 पर कॉल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों का सहयोग मिलने पर नशे का कारोबार जड़ से खत्म किया जा सकता है।
लगातार चल रहा है जागरूकता अभियान
एसपी ने बताया कि जिले में “पहल” अभियान के तहत नशामुक्ति और जागरूकता कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। स्कूल-कॉलेजों में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जा रही है, वहीं गांव-गांव चलित थाना लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
कार्रवाई में पुलिस की भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव, उपनिरीक्षक सुशील बंछोर (साइबर सेल प्रभारी), थाना प्रभारी जरहागांव उपनिरीक्षक नंदलाल पैकरा, थाना स्टाफ और साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही। मुंगेली पुलिस की यह कार्रवाई पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस का मानना है कि तस्करों के जुलूस और जेल भेजने से समाज में डर पैदा होगा और युवा नशे की चपेट में आने से बचेंगे।