CG BREAKING: लूट की सात वारदातों का खुलासा, बिहार के दो शातिर आरोपी गिरफ्तार
छग
Janjgir-Champa. जांजगीर-चांपा। जिले में लूट और उठाईगिरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने लूट की सात वारदातों का खुलासा करते हुए बिहार के दो आरोपियों को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों ने जांजगीर-चांपा सहित कोरबा, अंबिकापुर, रायगढ़ और सारंगढ़ में कुल 9 लाख 83 हजार रुपये से अधिक की लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूरा मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम धरदेई से जुड़ा है, जहां एक पंप ऑपरेटर से करीब ढाई लाख रुपये की लूट हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी, जिसके बाद आरोपियों के फरार होने के संभावित मार्गों की पड़ताल की गई। एएसपी उमेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जांच के दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी घटना के बाद बिलासपुर की दिशा में भागे थे। इसके आधार पर पुलिस ने बिलासपुर में होटलों, लॉज और धर्मशालाओं में सघन तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी अभियान के दौरान बिलासपुर स्थित शिवम लॉज से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में कई जिलों में लूट और उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। आरोपियों ने जांजगीर-चांपा के अलावा अंबिकापुर में 2 लाख रुपये, रायगढ़ में 1 लाख और 2 लाख रुपये, सारंगढ़ में 60 हजार रुपये तथा कोरबा में 85 हजार रुपये की लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देते थे। वे पहले बैंकों के आसपास बड़ी रकम निकालने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की रेकी करते थे। इसके बाद मौका पाकर पीड़ितों पर केंवाच (खुजली पैदा करने वाला) पाउडर छिड़ककर उन्हें असहज कर देते थे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर रकम लेकर फरार हो जाते थे। फिलहाल, पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।