CG BREAKING: पुलिया से गिरी SECL कर्मियों की बस, चालक की मौत

छग

Update: 2025-06-21 18:32 GMT
Surajpur. सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) कर्मचारियों को लेकर जा रही बस अनियंत्रित होकर सुखड़ पुलिया से नीचे गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, यह बस भटगांव के जरही क्षेत्र से महान-3 कोयला खदान की ओर जा रही थी, जिसमें कर्मचारी ड्यूटी के लिए सवार थे। पुलिया के पास अचानक बस का नियंत्रण बिगड़ गया और वह नीचे जा गिरी।


हादसा इतना तेज था कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को तत्काल भटगांव अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई, स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी और बचाव कार्य में मदद की। घटना की जानकारी मिलते ही सूरजपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और भटगांव अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि हादसा तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी के कारण हुआ होगा।
Tags:    

Similar News