Bilaspur. बिलासपुर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपराधिक छवि का महिमामंडन करने वाले युवाओं के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय कार्रवाई को अंजाम दिया है। इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर स्वयं को ‘Habitual Offender’, ‘Mafia Bhai’, ‘Don’, ‘Kabristan Address’ जैसे खतरनाक और आपत्तिजनक उपनामों के साथ प्रस्तुत करने वाले युवकों को चिह्नित कर उनके खिलाफ एक विशेष मॉनिटरिंग अभियान चलाया गया।
इस कार्रवाई का उद्देश्य समाज में डर, दबाव और हिंसा का वातावरण फैलाने वाले साइबर व्यवहारों पर अंकुश लगाना था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सिविल लाइन की टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए कई युवाओं को नोटिस भेजकर थाने बुलवाया और उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल्स की बारीकी से समीक्षा की गई।
आपराधिक मानसिकता का डिजिटल प्रदर्शन
यह देखा गया कि ये युवक अपने इंस्टाग्राम अकाउंट्स के ज़रिए खुद को अपराधी या दबंग के रूप में
प्रस्तुत
कर रहे थे। उनके प्रोफाइल में 'नाम बदनाम', 'पता – कब्रिस्तान', 'नो कम्प्रोमाइज, ओनली फाइट' जैसे वाक्यांश शामिल थे। इनके हज़ारों फॉलोअर्स हैं और यह डिजिटल छवि समाज के अन्य युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, इस तरह की डिजिटल पहचान न केवल युवा वर्ग में हिंसा और अराजकता को बढ़ावा देती है, बल्कि यह कानून व्यवस्था के लिए भी एक बड़ी चुनौती बनती है। इस प्रकार की गतिविधियां, भले ही 'स्टाइल' में की गई हों, समाज में अपराध का मनोवैज्ञानिक प्रचार करती हैं।



बिलासपुर पुलिस की सख्त और संवेदनशील कार्रवाई
थाना सिविल लाइन की टीम ने ऐसे युवकों को थाने बुलाया और कड़ी फटकार के साथ ही समझाइश दी। पुलिस ने उनकी इंस्टाग्राम प्रोफाइल्स से आपत्तिजनक कंटेंट तुरंत हटवाया और नए बायो लिखवाकर जिम्मेदार नागरिक की तरह आचरण करने की शपथ दिलवाई।
जिन युवाओं पर कार्रवाई की गई, वे इस प्रकार हैं:
स्वराज कुर्रे
पुराना इंस्टाग्राम ID: @mr_swaraj_king_504
बायो: “Habitual Offender”
नया ID: @swaraj_sudhar_gaya_hu
नया बायो: “#BilaspurPolice ने सुधारा”
राजा रात्रे
पुराना ID: @mafia_raja_bhai.bsp
नया ID: @raja_ab_sudhar_gaya_hu
नया बायो: “#BilaspurPolice ने सीधा किया”
प्रांजल शर्मा (उर्फ मुन्‍ना भैया)
पुराना ID: @pranjalsharma
बायो: “Naam Badnam 😈 | Address – Kabristan 😡 | No Compromise… only fight 👿🧿”
नया बायो: “घर लौट आया हूँ थाने से सबक लेकर”
नाम बदला गया, प्रोफाइल में सकारात्मक बदलाव किए गए।
अश्वनी रात्रे
इनके इंस्टाग्राम से आपत्तिजनक पोस्ट हटवाए गए और सुधार के निर्देश दिए गए।
भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधि न करने का लिखित आश्वासन लिया गया।
आसिफ खान
इनकी प्रोफाइल पर भी निगरानी रखी गई।
आपत्तिजनक कंटेंट हटवाया गया और संयमित आचरण का संकल्प लिया गया।
कैमरे के सामने क्षमा और सुधार का संकल्प
सभी युवकों को कैमरे के सामने अपनी गलती स्वीकार करने और भविष्य में ऐसा व्यवहार न दोहराने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस का यह कदम न केवल दंडात्मक रहा, बल्कि सुधारात्मक भी रहा। इसका उद्देश्य युवाओं को अपराध की ओर बढ़ने से रोकना और उन्हें समाज का जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
एक मिसाल बनी यह कार्रवाई
बिलासपुर पुलिस की यह पहल साइबर अपराधों और सोशल मीडिया पर फैल रहे असामाजिक ट्रेंड्स के विरुद्ध एक सशक्त संदेश है। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी आपराधिक मानसिकता और हिंसा का प्रचार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में फिर से ऐसा कोई व्यवहार दोहराया गया, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags: