CG BREAKING: बीजापुर में नक्सलियों की ओर से शांति वार्ता का दूसरा पत्र किया जारी
छग
Bijapur. बीजापुर। करेगुट्टा आपरेशन के बीच नक्सलियों की ओर से एक बार फिर शांति वार्ता का प्रस्ताव सामने आया है। नक्सल संगठन की केंद्रीय कमेटी के प्रवक्ता अभय के हवाले से सात दिनों के भीतर दूसरा पत्र जारी किया गया है। इस पत्र में संगठन ने सरकारों से बार-बार शांति वार्ता के लिए पहल करने और इसके लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की अपील की है। करेगुट्टा क्षेत्र में हाल ही में हुई मुठभेड़ में तीन नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि भी पत्र में की गई है। इसके साथ ही नक्सल संगठन ने बिना शर्त छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, महाराष्ट्र सहित अन्य प्रभावित राज्यों में एक तय समयसीमा के भीतर युद्धविराम कर शांति वार्ता शुरू करने की मांग रखी है।
पत्र के जरिए नक्सल संगठन ने यह भी संकेत दिया है कि यदि सरकार सकारात्मक पहल करती है तो वे वार्ता के लिए तैयार हैं। इस घटनाक्रम को सुरक्षा और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, खासकर तब जब करेगुट्टा जैसे संवेदनशील इलाके में सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई जारी है। सरकारी स्तर पर इस पत्र को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सरकार इस प्रस्ताव का गंभीरता से मूल्यांकन कर सकती है। क्षेत्र में फिलहाल सतर्कता बढ़ा दी गई है और सुरक्षाबलों की तैनाती बरकरार है।