CG BREAKING : चलती-फिरती ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, 100 करोड़ का हशीश ऑयल जब्त
छत्तीसगढ़
Jagdalpur जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और ओडिशा के मलकानगिरी सीमा से लगे घने जंगलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक चलती-फिरती ड्रग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। कोरापुट रेंज के डीआईजी डॉ. केवी सिंह के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में करीब 800 लीटर हशीश ऑयल जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क जंगल के भीतर मोबाइल यूनिट के रूप में काम कर रहा था, जहां गांजे को प्रोसेस कर अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए हशीश ऑयल तैयार किया जा रहा था। मौके से 50 किलो गांजा और ड्रग बनाने के अत्याधुनिक उपकरण भी बरामद किए गए हैं। यह यूनिट इस तरह डिजाइन की गई थी कि इसे जरूरत पड़ने पर कुछ ही समय में दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सके।
छापेमारी की भनक लगते ही तस्कर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस अब उनके नेटवर्क और पीछे जुड़े बड़े गिरोह की तलाश में जुटी है। मलकानगिरी-कोरापुट क्षेत्र लंबे समय से गांजा तस्करी का बड़ा केंद्र माना जाता है, जहां से देश के कई हिस्सों में सप्लाई की जाती है। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में लगी हैं।