Mungeli. मुंगेली। तहसील मुंगेली क्षेत्र के ग्राम खैरा/सेतगंगा (फास्टरपुर) में ग्राम उपसरपंच प्रतिनिधि योगेन्द्र शर्मा उर्फ भर्रा उर्फ लाला महराज के अवैध कार्यों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने प्रभावी कार्रवाई की है। आरोपी द्वारा मुख्य मार्ग पर गैर कानूनी तरीके से मकान/दुकान निर्माण कराया जा रहा था, जिसे आज जिला प्रशासन के नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में जेसीबी मशीन के माध्यम से ध्वस्त कर दिया गया।
योगेन्द्र शर्मा के खिलाफ थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 91/2025 धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध है। आरोपी उपसरपंच प्रतिनिधि योगेन्द्र शर्मा द्वारा जिले के युवाओं और आम नागरिकों को पैसे का लालच देकर सट्टा खेलवाने और भविष्य खराब करने का काम किया जा रहा था। इसके अलावा, उसके पूर्व भी जुआ अधिनियम, भादवि और शांतिभंग से जुड़े कई अपराध दर्ज हैं। आज की कार्रवाई में मुख्य मार्ग पर बन रहे अवैध मकान/दुकान को पूरी तरह तोड़कर स्थान को खाली कराया गया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद नागरिकों और स्थानीय युवाओं को यह संदेश दिया।
अवैध निर्माण, सट्टा और जुआ जैसे अपराधों पर किसी भी प्रकार की सहनशीलता नहीं बरती जाएगी। इससे पहले, आरोपी योगेन्द्र शर्मा ने अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था, जिसे लोक अभियोजक रजनीकांत ठाकुर ने शासन की ओर से पैरवी करते हुए विरोध किया। जिला सत्र न्यायालय मुंगेली ने सभी साक्ष्यों के आधार पर उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी। साक्ष्यों में आरोपी के पूर्व अपराध, सट्टा में शामिल लोगों के बयान, खाता-रकम लेन-देन के स्टेटमेंट और कॉल डिटेल्स शामिल थे।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने फरार सटोरिया योगेन्द्र शर्मा की गिरफ्तारी के लिए 1,000 रुपए का ईनाम घोषित किया है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में जानकारी देगा, उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में युवाओं और आम नागरिकों के उज्जवल भविष्य के लिए अवैध शराब, जुआ, सट्टा और नशे पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान ‘‘पहल’’ के तहत नशा, जुआ और सट्टा के दुष्प्रभावों के बारे में नागरिकों और युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि योगेन्द्र शर्मा का अवैध निर्माण और सट्टा खेलाने की गतिविधियाँ समाज के लिए खतरा हैं। इस प्रकार की गतिविधियों को रोकना स्थानीय प्रशासन की प्राथमिकता है।
जेसीबी के माध्यम से मकान/दुकान ध्वस्त करने की कार्रवाई से स्थानीय लोगों और युवाओं में कानून का पालन करने की चेतना बढ़ेगी। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण या सट्टा जैसी गतिविधियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी नागरिकों और स्थानीय युवाओं से आग्रह किया गया है कि वे इस प्रकार के अपराधों की जानकारी पुलिस को दें और अपने क्षेत्र को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने में सहयोग करें। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि मुंगेली प्रशासन और पुलिस विभाग किसी भी प्रकार के अवैध कार्यों को बर्दाश्त नहीं करेगा। फरार आरोपी योगेन्द्र शर्मा के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस लगातार पता लगाने और गिरफ्तारी के प्रयासों में लगी हुई है।