Rajnandgaon. राजनांदगांव। जिले में आईपीएल क्रिकेट सट्टेबाजी रैकेट के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। बसंतपुर थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मूलचंद प्रजापति को उसके घर से पकड़कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला 6 अप्रैल का है, जब पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर साइबर सेल और बसंतपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोहारा नाला के पास चल रहे एक बड़े ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया था।
उस समय पुलिस ने वीरू प्रजापति, रूपेश पांडे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कार्रवाई के दौरान लैपटॉप, मोबाइल और नकदी सहित कुल 5,50,500 रुपये की सामग्री जब्त की गई थी। छापेमारी के दौरान दो आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मूलचंद प्रजापति (26 वर्ष), निवासी मोहारा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में एक अन्य आरोपी सादिक खान (नागपुर, महाराष्ट्र) अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल सट्टा और ऑनलाइन जुआ नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।