CG BREAKING: कोल घोटाले मामलें में देवेंद्र डडसेना गिरफ्तार, 7 दिन की मिली रिमांड

छग

Update: 2025-07-18 14:57 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित कोयला परिवहन घोटाले के मामले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। घोटाले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी देवेंद्र डडसेना को गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, डडसेना ने कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के साथ मिलकर 100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध वसूली की थी, जिसे राजनीतिक गतिविधियों में खर्च किया गया। ईओडब्ल्यू ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, इस
हाईप्रोफाइल
घोटाले से जुड़े अन्य आरोपी – निलंबित आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई, रानू साहू और पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया को 26 जुलाई को कोर्ट में पेश होना है। फिलहाल, ये तीनों आरोपी न्यायालय के आदेश पर छत्तीसगढ़ से बाहर रह रहे हैं।
ED की जांच से हुआ बड़ा खुलासा
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच में खुलासा हुआ कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन में बड़ी मात्रा में अवैध वसूली की गई। आरोप है कि खनिज विभाग के तत्कालीन संचालक और निलंबित IAS समीर विश्नोई द्वारा 15 जुलाई 2020 को एक आदेश जारी किया गया था, जिसके तहत पहले ऑनलाइन मिलने वाले परमिट को ऑफलाइन कर दिया गया।
इसके बाद राज्य के कई वरिष्ठ राजनेताओं, नौकरशाहों और व्यापारियों की मिलीभगत से कोल परिवहन करने वालों से 25 रुपये प्रति टन की दर से अवैध लेवी वसूली गई। यह लेवी सूर्यकांत तिवारी नामक कोयला व्यापारी के कर्मचारियों के माध्यम से संग्रहित की जाती थी। ईडी के मुताबिक, इस घोटाले में वही व्यापारी परमिट पा सकता था, जो तयशुदा रकम देता था। जो व्यापारी भुगतान करता, उसे ही खनिज विभाग से पीट और ट्रांसपोर्ट पास जारी किया जाता था।
570 करोड़ रुपये की अवैध वसूली
जांच में सामने आया है कि इस स्कीम के जरिए कुल 570 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध वसूली की गई। इस घोटाले के मास्टरमाइंड और किंगपिन के रूप में कोयला व्यापारी सूर्यकांत तिवारी का नाम सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। अब देवेंद्र डडसेना की गिरफ्तारी के बाद ईओडब्ल्यू को उम्मीद है कि घोटाले में और भी बड़े नाम और राजनीतिक कड़ियां सामने आ सकती हैं। रिमांड के दौरान देवेंद्र से कई अहम जानकारियां निकलने की संभावना जताई जा रही है।
Tags:    

Similar News