Ambikapur. अंबिकापुर। शहर के नमनाकला क्षेत्र में एक विवाद का मामला सामने आया है, जहां ख्रिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में बैठे दो युवकों पर संस्था के एक फादर द्वारा एयरगन से फायर करने का आरोप लगाया गया है। घटना में एक युवक घायल हो गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए एयरगन को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, खटिकपारा निवासी आयुष सोनकर अपने साथी आजाद सोनकर के साथ नमनाकला स्थित ख्रिस्त मिलन आश्रम के ग्राउंड में बैठकर बातचीत कर रहा था।
बताया जा रहा है कि यह ग्राउंड खटिक मोहल्ले से लगा हुआ है और आसपास के बच्चे भी यहां खेलने आते हैं। युवकों के अनुसार, वे पहले भी इस मैदान में आते-जाते रहे हैं। घटना के समय दोनों युवक मैदान में बैठे थे, तभी आश्रम के फादर वहां पहुंचे। आरोप है कि फादर ने दोनों युवकों को देखकर नाराजगी जताई और उनके ऊपर एयरगन से फायर कर दिया। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान एयरगन का छर्रा आयुष सोनकर को लगा। उसके पैर और गले में छर्रे लगने से चोट आई है। घटना के बाद दोनों युवकों में डर का माहौल बन गया और उन्होंने वहां से निकलने की कोशिश की।
पीड़ित युवक का आरोप है कि फायरिंग के बाद फादर उनके पास पहुंचे और गड़ासा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घायल आयुष सोनकर ने कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आरोपी फादर को हिरासत में लिया है। वहीं घटना में इस्तेमाल की गई एयरगन को भी जब्त कर लिया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि एयरगन को जब्त कर लिया गया है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पीड़ित आयुष सोनकर ने बताया कि वह बचपन से इस मैदान में आता रहा है। मैदान का आहाता टूटा हुआ है, जिसके कारण आसपास के बच्चे और लोग वहां आते-जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी वजह के उनके साथ यह घटना हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के पीछे विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और दोनों पक्षों के बीच पहले से कोई विवाद था या नहीं। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है।
Tags: