CG BREAKING: व्यापारी ने परिवार संग जहर खाया, 3 पन्नों का सुसाइड नोट मिला

छग

Update: 2026-04-15 14:50 GMT
Kawardha. कवर्धा। जिले में एक व्यापारी द्वारा पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद चारों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस को मौके से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें आर्थिक तंगी और लेन-देन के दबाव का जिक्र किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला कवर्धा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि व्यापारी योगेश जैन पर करीब 4 करोड़ रुपये का लेन-देन बकाया था। लंबे समय से उधारी के दबाव और लगातार पैसे की मांग से वह परेशान चल रहा था। परिजनों के अनुसार, उसे कुछ लोगों द्वारा धमकियां भी मिल रही थीं, जिससे वह मानसिक तनाव में था।

इसी तनाव के चलते व्यापारी ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत गंभीर बनी हुई है और लगातार निगरानी में इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला, जिसमें व्यापारी ने अपनी आर्थिक स्थिति, कर्ज और लेन-देन से जुड़ी परेशानियों का विस्तार से उल्लेख किया है। पुलिस इस नोट को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए उसके आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में थाना प्रभारी योगेश कश्यप ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पीड़ितों की हालत गंभीर होने के कारण उनका बयान अभी तक दर्ज नहीं किया जा सका है।

डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद ही बयान लिया जाएगा। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सुसाइड नोट में जिन लोगों का जिक्र किया गया है, उनके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वाकई लेन-देन के विवाद और दबाव के कारण ही यह कदम उठाया गया या इसके पीछे अन्य कोई कारण भी है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी। यदि किसी प्रकार की प्रताड़ना या अवैध दबाव की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आर्थिक या मानसिक परेशानी की स्थिति में इस तरह का कदम न उठाएं और समय रहते सहायता लें। फिलहाल सभी की हालत पर नजर रखी जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Tags:    

Similar News