CG BREAKING: AIIMS के अध्यक्ष डॉ. बीके जैन का निधन

छग

Update: 2026-02-27 15:23 GMT
Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा और समाज सेवा क्षेत्र में एक अपूरणीय क्षति हुई है। पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ और समाजसेवी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के अध्यक्ष बुधेन्द्र कुमार जैन का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके निधन से चिकित्सा और समाज सेवा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉ. जैन ने पांच दशकों से अधिक समय तक चिकित्सा सेवा और समाज कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। चित्रकूट स्थित सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय के माध्यम से उन्होंने लाखों नेत्र रोगियों को नई दृष्टि प्रदान की और उनके जीवन में आशा का संचार किया। वर्ष 2025 में भारत सरकार ने उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया।

एम्स रायपुर के अध्यक्ष के रूप में उनका मार्गदर्शन संस्थान के लिए प्रेरणादायी रहा। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, सादगी और मानवीय संवेदनशीलता ने संस्थान की कार्यसंस्कृति को सेवा-उन्मुख और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. जैन के निधन के बाद एम्स रायपुर परिवार गहरे शोक में डूब गया है। एम्स रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल ने डॉ. जैन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह चिकित्सा जगत और समाज सेवा के क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उनके योगदान, मानवीय दृष्टिकोण और संस्थान के लिए प्रेरक नेतृत्व को याद किया।

एम्स रायपुर के फैकल्टी सदस्य, चिकित्सक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी इस दुखद समाचार से व्यथित हैं। डॉ. जैन का जीवन सेवा, मानवता और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता का प्रतीक रहा। उनके मार्गदर्शन और समर्पण की यादें स्वास्थ्य सेवा और समाज कल्याण के क्षेत्र में हमेशा जीवित रहेंगी। डॉ. जैन के निधन से न केवल एम्स रायपुर, बल्कि पूरे राज्य और देश के चिकित्सा जगत को गहरा नुकसान पहुंचा है। उनके योगदान और समर्पण को हमेशा सम्मान और श्रद्धांजलि के साथ याद किया जाएगा।
Tags:    

Similar News