CG BREAKING: बॉयलर ब्लास्ट हादसे में अब तक 10 मजदूरों की मौत

छग

Update: 2026-04-14 12:06 GMT
Sakti. सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार दोपहर एक बड़ा औद्योगिक हादसा हुआ, जहां डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में अब तक 4 मजदूरों की मौत की पुष्टि पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने की है, जबकि 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से झुलसने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, पावर प्लांट में रोज की तरह सामान्य कामकाज चल रहा था। इसी दौरान मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में जोरदार धमाका हुआ। बताया जा रहा है कि ट्यूब फटने के कारण यह हादसा हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और मौके पर मौजूद मजदूरों में भगदड़ की स्थिति बन गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया। गंभीर रूप से घायल 11 मजदूरों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 15 घायलों को रायगढ़ स्थित जिंदल फोर्टिस अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, जिंदल फोर्टिस अस्पताल में भर्ती 15 घायलों में से 5 मजदूरों की मौत की भी खबर सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। डॉक्टरों की टीम गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का इलाज कर रही है और कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना के बाद प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बॉयलर की ट्यूब फटने को हादसे का कारण माना जा रहा है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है कि कहीं लापरवाही तो नहीं हुई। स्थानीय लोगों और मजदूरों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और भय का माहौल है। परिजनों का कहना है कि पावर प्लांट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, लेकिन सुधार नहीं किया गया। प्रशासन ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। वहीं, घायलों के बेहतर इलाज के लिए अतिरिक्त मेडिकल टीमों को भी लगाया गया है। यह हादसा क्षेत्र में अब तक के सबसे गंभीर औद्योगिक दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है, जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत कार्य जारी है।
Tags:    

Similar News