CG: 20 वर्षीय युवती का संदिग्ध हालत में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

छग

Update: 2026-06-29 11:51 GMT
Korba. कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक 20 वर्षीय युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह घटना बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल की है, जहां रविवार देर रात शव बरामद किया गया। मृतिका पिछले करीब 20 दिनों से लापता थी, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। मृतका की पहचान भैरोताल निवासी सपना धनुवार के रूप में हुई है। जंगल में शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

घटनास्थल से पुलिस को एक जहर की शीशी भी बरामद हुई है, जिससे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। इधर, इस घटना के बाद सोमवार को मामला और गरमा गया जब बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण बालको थाना पहुंचे। उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों का आरोप है कि सपना ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि युवती के लापता होने के बाद से ही वह लगातार तलाश में थे, लेकिन अब शव मिलने से कई तरह की शंकाएं गहरा गई हैं। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इसके साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य, फॉरेंसिक जांच और अन्य कानूनी पहलुओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। शव के पास मिली जहर की शीशी की भी जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों में रोष है और वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही जांच पूरी कर सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News