CG: पंचायत में निर्माण कार्यों में अनियमितता के आरोप, सूचना पटल न लगाने पर उठे सवाल
छत्तीसगढ़
Chhattisgarh छत्तीसगढ़ : बिलासपुर जिले के तखतपुर जनपद पंचायत क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। जनपद पंचायत सदस्य भारत मरकाम ने आरोप लगाया है कि अधिकांश निर्माण स्थलों पर अनिवार्य सूचना पटल नहीं लगाए जा रहे हैं, जिससे कार्यों की निगरानी और जवाबदेही प्रभावित हो रही है। जानकारी के अनुसार कई निर्माण स्थलों पर सूचना पटल पूरी तरह अनुपस्थित हैं, जबकि कुछ जगहों पर केवल औपचारिकता के रूप में जर्जर दीवारों या अनुपयुक्त स्थानों पर जानकारी लिख दी गई है। नियमों के मुताबिक प्रत्येक निर्माण स्थल पर लागत, स्वीकृति और जिम्मेदार एजेंसी की जानकारी सहित स्पष्ट सूचना पटल लगाना अनिवार्य होता है।
आरोप यह भी है कि बिना सूचना पटल लगाए ही निर्माण कार्यों का मूल्यांकन और सत्यापन किया जा रहा है, जिससे कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर निर्माण कार्य पेटी ठेकेदारों के माध्यम से मनमाने तरीके से कराए जाने की शिकायत भी सामने आई है। ग्राम पंचायत पोड़ी का एक मामला सामने आया है, जहां लगभग 3 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य में सूचना पटल लगाने के बजाय जर्जर आंगनबाड़ी भवन की दीवार पर जानकारी अंकित कर दी गई। जनपद सदस्य भारत मरकाम ने कहा कि यह मुद्दा सामान्य सभा की बैठक में भी उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। एसडीओ रघुवीर साहू ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित इंजीनियर और एजेंसी को नोटिस जारी करने की बात कही है। फिलहाल मामले की जांच और जवाब की प्रक्रिया जारी है।