CG: बदबू ने खोला राज, खेत में बोरी से मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़
Kawardha कवर्धा: जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के सोंढा गांव में खेत से एक बोरी के अंदर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को कई टुकड़ों में काटकर बोरी में भरकर खेत में फेंका गया।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को खेत की ओर से तेज बदबू आने पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पांडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब बोरी खोली गई तो अंदर युवक का शव कई हिस्सों में मिला, जिसे देखकर लोग स्तब्ध रह गए।
पुलिस ने मृतक की पहचान कोमल वर्मा, निवासी बैहरसरी के रूप में की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।