CG: 47 किलो गांजा जब्त, ओडिशा से तस्करी कर मुंगेली में खपाने की थी योजना
छग
Mahasamund. महासमुंद। महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोमाखान थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 47.300 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 23 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन सहित कुल 59 लाख 51 हजार रुपए की संपत्ति भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की अशोक लीलैंड ट्रक में ओडिशा की ओर से अवैध गांजा लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी की। कुछ समय बाद संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।
जिसमें सीट के नीचे बनाए गए चेंबर में तीन प्लास्टिक बोरियों में गांजा छुपाकर रखा गया था। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मोहम्मद मिराज निवासी टिटलागढ़ जिला बलांगीर (ओडिशा) बताया। उसके साथ रोहित पोंड सहित दो नाबालिग भी वाहन में मौजूद थे। सभी को मौके पर हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि यह गांजा ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र से लाकर छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में खपाने की योजना थी। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मुंगेली निवासी दीपक साहू का नाम बताया, जिसे गांजा की सप्लाई दी जानी थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जब्ती में एक ट्रक, एक कार, चार मोबाइल फोन और नगद राशि भी शामिल है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के सोर्स और डेस्टिनेशन तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है। पुलिस विभाग के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में 74 प्रकरण दर्ज कर 5685 किलोग्राम से अधिक गांजा जब्त किया गया है और 192 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए एंड-टू-एंड जांच की जा रही है और संबंधित कड़ियों तक पहुंचने के लिए टीम रवाना की गई है।