Jashpur. जशपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के तहत जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक कुमार ने सोमवार को अपने शासकीय आवास पर बूथ लेवल अधिकारी (#BLO) से अपना गणना प्रपत्र प्राप्त किया और उसके सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर ने गणना प्रपत्र को भरकर बीएलओ एप के माध्यम से सत्यापन कराया। इस अवसर पर सीईओ अभिषेक कुमार ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नाम और विवरण का मतदाता सूची में सत्यापन अवश्य कराएं ताकि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता रिकॉर्ड सटीक एवं अद्यतन रहे। जिला प्रशासन ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना प्रपत्र सौंपने और उनका सत्यापन कराने का कार्य लगातार चल रहा है। यह प्रक्रिया जिले के प्रत्येक मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। जशपुर जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 4 नवम्बर 2025 से 4 दिसम्बर 2025 तक चलाया जाएगा।
इस दौरान बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर उन्हें गणना प्रपत्र देंगे और सभी मतदाताओं से अनुरोध करेंगे कि वे प्रपत्र भरकर सत्यापन सुनिश्चित करें। अभिषेक कुमार ने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह अपनी जानकारी की जांच करे और यदि कोई त्रुटि या सुधार आवश्यक हो तो उसे बीएलओ के माध्यम से सही कराए। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मतदाता जागरूकता बढ़ाना, सूची में त्रुटियों को सुधारना और आगामी चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं को प्रपत्र भरने, दस्तावेज़ सत्यापन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेंगे। एसआईआर अभियान के अंतर्गत जिले के प्रत्येक मतदाता तक यह प्रक्रिया पहुंचाने की योजना बनाई गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदाताओं से सहयोग अपेक्षित है। इस प्रकार सीईओ का स्वयं अपने गणना पत्र का सत्यापन कराना अन्य मतदाताओं के लिए जागरूकता का उदाहरण बन गया है और जिले में एसआईआर अभियान की प्रभावशीलता को बढ़ावा देगा।